अफीम की अवैध खेती पर कलेक्टर की पीसी: 5 एकड़ से ज्यादा में फसल, भाजपा नेता समेत 4 गिरफ्तार
दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगाई गई अफीम की फसल जब्त की गई है। इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 8 करोड़ रुपए आंकी गई है।
मामला पुलगांव थाना क्षेत्र के जेवरा-सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा, झेंडारी और सिरसा के बीच स्थित जमीन का है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खेत में अफीम की खेती पाए जाने पर प्रशासन के अन्य विभागों को भी इसकी जानकारी दी गई।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के संज्ञान में मामला आते ही उन्होंने बिना किसी दबाव के तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में एसडीएम, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। मामले की जानकारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और एफएसएल को भी दी गई।
जांच के दौरान ग्राम झेंझरी पटवारी हल्का नंबर-8 में खसरा नंबर 309 (80 डिसमिल) और खसरा नंबर 310 (9 एकड़ 92 डिसमिल) की जमीन की पड़ताल की गई। यह जमीन मधुमती ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकार के पिता सीताराम ताम्रकार के संयुक्त नाम पर दर्ज है। जांच में सामने आया कि लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती की गई थी।
आरोपियों ने अफीम की फसल को छिपाने के लिए खेत में मक्के की फसल के बीच इसे लगाया था, ताकि बाहर से देखने पर शक न हो। प्रारंभिक जांच में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Reporter 

