प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है होली का पर्व: सीएम
रायपुर। रायपुर में आयोजित रंगपंचमी महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है, जो समाज को आपसी एकता और समरसता के सूत्र में जोड़ता है।
राजधानी के अश्वनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष होली प्रदेश के किसानों के लिए विशेष खुशियां लेकर आई है। राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत धान उपार्जन के अंतर की राशि के रूप में किसानों के खातों में होली से पहले ही 10 हजार 324 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इससे अन्नदाताओं के घरों में खुशियों का माहौल है और त्योहार का उत्साह भी दोगुना हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम और मित्रता का संदेश देता है। यह त्योहार समाज में सौहार्द, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि हर साल रंगपंचमी के अवसर पर विधायक राजेश मूणत द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। ऐसे कार्यक्रम समाज में मेल-मिलाप और भाईचारे को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलकर उन्हें रंगपंचमी की बधाई दी और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर की महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर उत्सव का आनंद लिया।

Reporter 

