श्रीलंका में ‘दितवाह’ से तबाही, 46 लोगों की मौत, तमिलनाडू समेत 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
द्वीपीय देश श्रीलंका में व्यापक तबाही मचाने वाला चक्रवात ‘दितवाह’ अब भारत की ओर बढ़ रहा है, जिससे तटीय राज्यों में चिंताएं बढ़ गई हैं। श्रीलंका के तट से आगे बढ़ता यह शक्तिशाली तूफान अगले 12 घंटों में और तेज हो सकता है।
श्रीलंका में इस चक्रवात से अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग अभी भी लापता हैं। पिछले 24 घंटों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे कई क्षेत्रों में भूस्खलन और भारी जलभराव की स्थिति बन गई। पूर्वी और मध्य श्रीलंका सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर के अनुसार, 43,991 लोगों को स्कूलों और सार्वजनिक शेल्टरों में स्थानांतरित किया गया है। भारी बारिश के कारण स्कूलों और ट्रेनों की सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, वहीं कोलंबो स्टॉक एक्सचेंज ने भी समय से पहले ट्रेडिंग रोक दी।
रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार बचाव कार्य कर रही हैं, हालांकि कई गांवों तक पहुंचना भूस्खलन के कारण बाधित हो रहा है। खराब मौसम के चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। कोलंबो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मस्कट, दुबई, नई दिल्ली और बैंकॉक जाने वाली उड़ानों समेत कई विमानों को वैकल्पिक मार्ग पर भेजा गया।
भारत के लिए भी चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात का रुख उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल के तटों की ओर है। इन क्षेत्रों में 30 नवंबर तक मौसम अत्यधिक खराब रहने की आशंका व्यक्त की गई है। तटीय जिलों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Reporter 

