छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड, 5 शहरों में पारा 10° से नीचे: अंबिकापुर 3.9°, रायपुर सबसे ठंडा

छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड, 5 शहरों में पारा 10° से नीचे: अंबिकापुर 3.9°, रायपुर सबसे ठंडा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो दिन की राहत के बाद फिर से ठंड ने दस्तक दी है। राज्य के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर सबसे ज्यादा है।

अंबिकापुर में रात का तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मैदानी क्षेत्रों में रायपुर सबसे ठंडा रहा, यहाँ रात का तापमान 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 9.2°, पेंड्रा में 9.4° और बिलासपुर में 9.6° तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 17 जनवरी को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 29.9° और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.9° रिकॉर्ड किया गया।

सरगुजा में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चलाने के लिए लाइट जलानी पड़ी। मैनपाट में पौधों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गई। पेंड्रा के कई इलाकों में विजिबिलिटी कम रही।

ठंडी हवाओं के कारण बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। रायपुर के अंबेडकर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में पिछले महीने हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं।

नवजात और छोटे बच्चे जल्दी ठंड से प्रभावित होते हैं। चिकित्सक कहते हैं कि समय पर उचित देखभाल न होने पर बच्चों को NICU और SNCU में भर्ती कर इलाज करना पड़ता है।

ठंड के बढ़ते प्रभाव के बीच रायपुर नगर निगम ने 12 से अधिक जगहों पर रातभर अलाव जलाए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को शीतलहर में बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।