SDM-नायब तहसीलदार पर मारपीट का आरोप, बुजुर्ग की मौत; एसडीएम सहित 4 हिरासत में

SDM-नायब तहसीलदार पर मारपीट का आरोप, बुजुर्ग की मौत; एसडीएम सहित 4 हिरासत में

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के हंसपुर गांव में राजस्व अधिकारियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। कुसमी के एसडीएम और नायब तहसीलदार पर तीन ग्रामीणों को बेरहमी से पीटने का आरोप है, जिसमें घायल एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अस्पताल और थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मामले में एसडीएम समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम कुसमी एसडीएम करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ हंसपुर गांव पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि टीम वहां अवैध बक्साइट उत्खनन की जांच के लिए गई थी। इसी दौरान रात करीब 8 बजे सरना के पास तीन ग्रामीणों से उनका सामना हुआ। आरोप है कि अधिकारियों और उनके साथ मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद लाठी, लात और घूंसों से जमकर मारपीट की।

घायलों के मुताबिक, वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और बिना किसी स्पष्ट कारण के पीटा गया। मारपीट के बाद तीनों को जबरन वाहन में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था।

रास्ते में राम नरेश राम (60) की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद टीम उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) का इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि गांव में अवैध बक्साइट उत्खनन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने एक बक्साइट लोड ट्रक पकड़ लिया था, जिसके बाद कथित ब्लैकमेलिंग की सूचना प्रशासन तक पहुंची थी। इसी मामले की जांच के लिए राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी।

घटना के बाद पुलिस ने एसडीएम, नायब तहसीलदार और मारपीट में शामिल बताए जा रहे कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।