विशेष परियोजना समावेशी आजीविका योजना का उन्मुखीकरण कार्यक्रम संपन्न
जशपुरनगर। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जशपुर द्वारा समावेशी आजीविका योजना का दो दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम जिला पंचायत के सभागार में 26 और 27 नवंबर 2025 को संपन्न कराया गया। यह नई परियोजना विकासखंड मनोरा एवं बगीचा के अत्यंत गरीब परिवारों, विशेषकर पहाड़ी कोरवा समुदाय, एकल महिलाओं तथा दिव्यांगजन परिवारों के एकीकृत विकास पर केंद्रित है।
दिल्ली एवं रायपुर से आए प्रशिक्षक दल संदीप ओझा एसपीएमयू रायपुर, ब्रैक संस्था दिल्ली से उपासना जोशी एवं राज्य से विनय कुमार, ओमप्रकाश एवं अनिरुद्ध महापात्र ने प्रथम दिवस विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समावेशी आजीविका मॉडल, अत्यंत गरीब परिवारों के आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्यदृपोषण सुधार तथा शासकीय योजनाओं से उनके त्वरित जुड़ाव पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में आदिम जाति कल्याण विभाग, पशुपालन, कृषि एवं समाज कल्याण विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने संबंधित योजना में अपने विभागों से प्रदान की जाने वाली सेवाओं विशेषकर अत्यंत गरीब परिवारों (पीवीटीजी) हेतु प्रावधानों को साझा किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि आगामी तीन वर्षों में कुल 2500 अत्यंत गरीब परिवारों का चयन कर उन्हें आजीविका, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से जोड़ते हुए सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह पहल निश्चित रूप से वंचित समुदायों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। द्वितीय दिवस में बिहान परियोजना के जिला दल तथा मनोरा एवं बगीचा विकासखंड के खंड एवं क्लस्टर स्तरीय अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रतिभागी परिवारों के शीघ्र चयन, तथा चयनित परिवारों की समग्र आजीविका योजना समयबद्ध रूप से तैयार करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सीईओ जिला पंचायत ने इस पहल को विशेष एवं दूरगामी बताया तथा परियोजना की टाइमलाइन के अनुरूप लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम को पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Reporter 

