छत्तीसगढ़ में सड़कों पर बिछ रही हैं लाशें! सदन में अपनी ही सरकार के मंत्री पर बरसे भाजपा विधायक
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों और राजधानी की लचर यातायात व्यवस्था को लेकर सत्ता पक्ष के ही विधायक सुनील सोनी ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप को कटघरे में खड़ा कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान विधायक ने सड़क हादसों को रोकने के मास्टर प्लान और रायपुर में बंद पड़ी सिटी बसों के संचालन पर तीखे सवाल पूछे।
प्रदेश में सड़क हादसों का बढ़ता ग्राफ आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, जहां रोजाना औसतन 18-19 लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। राजधानी रायपुर में सस्ती परिवहन सेवा (सिटी बस) का अभाव सीधे तौर पर मध्यम और निम्न वर्गीय नागरिकों की जेब पर असर डाल रहा है।
सदन में गूंजा मौतों का आंकड़ा: 1 साल में 6,898 जान गई
भाजपा विधायक सुनील सोनी ने सदन में सरकार से पूछा कि बीते एक वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में कितनी मौतें हुई हैं और इन्हें रोकने के लिए क्या ठोस मास्टर प्लान है? इसके जवाब में परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले एक साल में प्रदेश में कुल 6,898 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। मंत्री ने कहा कि यातायात सुधार के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
विधायक सुनील सोनी यहीं नहीं रुके, उन्होंने राजधानी रायपुर में सुगम और सस्ते यातायात का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि शहर में कितनी सिटी बसें चल रही हैं और जनता को सस्ती परिवहन सुविधा क्यों नहीं मिल रही है? इस सवाल पर परिवहन मंत्री स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए और उन्होंने जानकारी जुटाकर उपलब्ध कराने की बात कही।
परिवहन मंत्री द्वारा जानकारी उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद अब देखना होगा कि विभाग रायपुर में सिटी बसों के दोबारा संचालन और ब्लैक स्पॉट्स को ठीक करने के लिए क्या समय सीमा तय करता है।

Reporter 

