गणतंत्र दिवस पर अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, वीरता सम्मान पाने वाले पहले भारतीय एस्ट्रोनॉट बने

गणतंत्र दिवस पर अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, वीरता सम्मान पाने वाले पहले भारतीय एस्ट्रोनॉट बने

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वे यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें समारोह में अशोक चक्र प्रदान किया।

राष्ट्रपति ने 25 जनवरी को ही इस सम्मान की मंजूरी दी थी, जिसे गणतंत्र दिवस के दिन औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। सम्मान ग्रहण करते समय शुभांशु शुक्ला की पत्नी भी समारोह में मौजूद रहीं और उनकी उपलब्धि पर भावुक नजर आईं।

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निवासी हैं। उन्होंने बेहद कम उम्र में देश सेवा का सपना देख लिया था। 17 वर्ष की आयु में उन्होंने परिवार को बताए बिना एक मित्र से फॉर्म लेकर नेशनल डिफेंस एकेडमी के लिए आवेदन किया था।

कारगिल युद्ध और वायुसेना के एयर शो से प्रेरित होकर उन्होंने भारतीय वायुसेना को अपना करियर चुना और कड़ी मेहनत के बल पर अंतरिक्ष यात्री बनने तक का सफर तय किया। उनकी यह उपलब्धि आज देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।