जशपुर की 10 प्रमुख खबरें

जशपुर की 10 प्रमुख खबरें

अवैध धान की आवाजाही रोकने राजस्व टीम ने देर रात सीमावर्ती चेक पोस्टों का किया औचक निरीक्षण

जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने जिला प्रशासन द्वारा सतत कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने विगत देर रात झारखंड सीमा पर स्थित विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

राजस्व टीम में तहसीलदार  जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी शामिल रहे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा एवं साईं टांगारटोली चेक पोस्टों का निरीक्षण किया, जो झारखंड राज्य से लगे हुए सीमावर्ती बैरियर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेक पोस्टों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र तथा वाहनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

इस दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं सचिव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा अवैध धान के आवागमन को रोकने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएं

जशपुरनगर । कलेक्टर रोहित व्यास ने आज जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएँ एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।

आज आयोजित जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधित आवेदन शामिल थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के इन सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।

जशपुर की बेटियों ने सुन्दरगढ़ उड़ीसा के 4वां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में रचा नया इतिहास

जशपुरनगर। सुन्दरगढ़ उड़ीसा में आयोजित 4वां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय ढुढरुडांड़, बटईकेला और कांसाबेल की दो प्रतिभाशाली छात्राएँ अंडर 14 डबल बैडमिंटन में मीनाक्षी लकड़ा और संजना भगत ने स्वर्ण पदक जीतकर अद्वितीय उपलब्धि हासिल की है। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी बैडमिंटन खिलाड़ीयों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गर्व की बात यह है कि न सिर्फ स्कूल की पहली राष्ट्रीय जीत है, बल्कि जशपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी भी स्कूल की छात्राओं ने नेशनल स्तर पर गोल्ड जीता है। यह उपलब्धि जशपुर जिला, एकलव्य मॉडल आवासी विद्यालय परिवार और आदिवासी समुदाय के लिए एक सुनहरा अध्याय  साबित हुई है।

विद्यालय के प्राचार्य ललिता चौहान ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। इस अवसर पर प्राचार्या ने कलेक्टर रोहित व्यास और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग संजय सिंह को भी धन्यवाद कहा, क्योंकि जब-जब विद्यालय को उनके सहयोग व मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ी, उन्होंने हमेशा साथ दिया। बच्चों को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह जी को भी प्राचार्या ने धन्यवाद दिया। टीम को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं ने कठोर अभ्यास, निरंतर फिटनेस ट्रेनिंग और अनुशासन के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।

मीनाक्षी और संजना अब जशपुर के हर छात्र के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। दोनों ने कहा कि उनका लक्ष्य आगे और बड़े टूर्नामेंट में जशपुर और विद्यालय का नाम और ऊँचा करना है। जशपुर के इतिहास में पहली एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की बेटियों ने नेशनल में लिखा स्वर्णिम अध्याय। यह जीत पूरे जिले और राज्य के लिए सम्मान और प्रेरणा का नया प्रतीक है।

अब एक क्लिक में मिलेगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रकरणों के निराकरण में होगी बड़ी सहूलियत

जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने आज जिला कार्यालय में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। 

कलेक्टर ने कहा कि नए कानूनों से न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध तथा जनहित परक बनेगी। उन्होंने पुलिस सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को नए कानून के प्रावधानों को गंभीरता पूर्वक पालन करने के निर्देश दिए। जिससे आमजनों के प्रकरणों का निराकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि समय पर मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से जांच और न्यायिक प्रक्रिया तेज होती है, जिससे आमजन को सीधे रूप से सहूलियत होती है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरणों का पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, लोक अभियोजन अधिकारी, लोक अभियोजक, जेल अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सहित खंड चिकित्सा अधिकारीगण मौजूद रहे।

पोस्टमार्टम, मेडिकल रिपोर्टिंग को समयबद्ध बनाना अनिवार्य - कलेक्टर ने नए कानूनों के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाएगी। किसी भी प्रकरण में अभियुक्त की मेडिकल रिपोर्ट तुरंत तैयार कर अपलोड की जाएगी। वहीं बलात्संग से संबंधित मामलों में पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से सभी मेडिकल अधिकारियों को इन प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

मेडलीपर पोर्टल से तत्काल उपलब्ध होगी पीएम रिपोर्ट  :  

बैठक में कलेक्टर व्यास ने बताया कि जिले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए आमजन को भटकना नहीं पड़ेगा। चिकित्सक मेडलीपर पोर्टल में पीएम रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेंगे। जिससे जांचकर्ता अधिकारी, पुलिस एवं कोर्ट के अधिकारी एक क्लिक में रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था पीड़ितों एवं उनके परिजनों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी और प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मेडलीपर पोर्टल पर सभी मेडिकल अधिकारियों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराया जाए और उनका उचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समय सीमा के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल लीगल रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट, केमिकल पैथोलॉजी रिपोर्ट एवं रेडियोलॉजी रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी बल्कि नागरिकों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी पेशीकृसमय व संसाधनों की बचत  :  

बैठक में नए कानूनों के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी सुनिश्चित करने के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जहाँ न्यायालय के निर्देशानुसार सशरीर पेशी आवश्यक नहीं है, वहाँ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई जाएगी। जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा प्रकरणों के निराकरण की गति बढ़ेगी। जेल विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा अधिसूचित की जा चुकी है। आवश्यकतानुसार इसका उपयोग न्यायालयीन कार्यवाही में वीसी के लिए किया जा सकता है।

जल जीवन मिशन : मुण्डाडीह में 92 घरेलू नल कनेक्शन क्रियाशील, ग्रामवासियों को मिल रहा शुद्ध पेयजल

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल जीवन मिशन योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से लगभग 70 कि.मी. की दूरी पर स्थित गारीघाट पंचायत का राजस्व ग्राम मुण्डाडीह में जल जीवन मिशन के अंतर्गत तीन उच्च स्तरीय जलागार स्थापित कर कुल 92 क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से संपूर्ण ग्रामवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

जल जीवन मिशन योजना के आने से पूर्व ग्रामीणों को अपनी दैनिक जल की आवश्यकताओं के लिए हैंडपंप एवं कुओं पर पूर्ण रूप से आश्रित थे। मुख्यतः महिलाएं पानी हेतु लाईन लग कर पानी भरने का कार्य सुबह शाम किया करती थी. बारिश के दिनों में पानी प्रदूषित होने की वजह से ग्रामीणों को पेट खराब, डायरिया इत्यादि बीमारीयों का भी सामना करना पड़ता था।

आज की स्थिति में योजना के आने के बाद अब ग्रामीणों को पानी भरने नहीं जाना पड़ता एवं तबीयत खराब होने की समस्या में भी कमी आई है। सभी ग्रामीणों को घर में नल के माध्यम से पानी मिलने से सभी ग्रामीण खुश है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले हम हैंडपंप एवं कुओं के द्वारा पानी भरने से परेशान थे पर अब वैसी समस्या नहीं है हम सभी खुश हैं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया हैं।

ग्रामीणों की सहमति एवं शपथ के माध्यम से इस ग्राम का हर घर जल सर्टिफिकेट कर दिया गया है एवं जल सभा के माध्यम से ग्रामीणों को योजना का सुचारू रूप से संचालित करने के नियमों को समझा कर लंबे समय तक योजना के संचालन को भी सुनिश्ति किया गया है।

कुनकुरी में आयोजित मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला में 92 महिला समूहों को 2.53 करोड़ के बैंक लोन स्वीकृत

75 महिलाओं को 75 लाख रुपये के मुद्रा लोन की स्वीकृति

जशपुरनगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन श्बिहानश् के अंतर्गत विकासखंड कुनकुरी में विगत दिवस मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला का  आयोजन किया गया। इस अवसर पर  बैंक द्वारा 92 स्व सहायता समूहों का 02 करोड़ 53 लाख रुपए  एवं 75 हितग्राहियों को व्यक्तिगत रूप से 75 लाख रुपए का मुद्रा लोन की स्वीकृति प्रदान की गई ।       कार्यक्रम कीएलडीएम   वाल्टर भेंगरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक वित्तीय समावेशन  अमीन खान जी, जिला प्रमुख साधन  अखिल प्रसन्ना सेठ, एफएलसी  विनसेंट तिर्की, जनपद पंचायत विकासखंड परियोजना प्रबंधक बिहान  विनोद राठिया, क्षेत्रीय समन्वयक कु.जबीं कौशर, पूनम मांझी,  रितेश मिश्रा , मनोज सोनी, सभी बैंकों से ब्रांच मैनेजर , पीआरपी, एफएलसीआपी सहित बिहान की 290 महिलाएं उपस्थित रही ।  कार्यक्रम में आए अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और बैंक अधिकारियों ने समूहों को वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की।

सांसद ने बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

जशपुरनगर । रायगढ़ सांसद  राधेश्याम राठीया ने विगत दिवस शनिवार 15 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा का आकस्मिक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।  स्वास्थ्य केंद्र मरीज वार्ड, पैथोलॉजी,दवाई वितरण कक्ष और अन्य वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों को फल वितरण किए।उन्होंने डाक्टरों की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली और आयुष्मान कार्ड का भी लाभ मरीजों को देने के निर्देश दिए हैं।इस अवसर पर बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ सुनील लकड़ा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने ईचकेला की क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं को किया प्रोत्साहित

जिला प्रशासन क्रिकेट खेलने के लिए बालिकाओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराया जाएगा

जशपुरनगर । कलेक्टर  रोहित व्यास ने रविवार को जशपुर विकास खंड के ग्राम ईचकेला पहुंचकर क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मिलने पर अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने बालिकाओं प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के बच्चे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल में भी जशपुर के बच्चे बहुत आगे है कोई सा भी खेल हो क्रिकेट हो फूटबॉल, दौड़ हो सभी में बढ़िया प्रदर्शन रहता है।

अनुसूचित जनजाति बच्चे हुनरमंद रहते हैं और उनकी प्रतिभा उन्हें आगे बढ़ाती है।

जिला प्रशासन बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता करेंगी बच्चों को खेलने के लिए अच्छा खेल अभ्यास मैदान की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को बेट बाल बालिंग मशीन एवं बच्चों की मांग अनुसार जिला प्रशासन खेल सामग्री देंगी।

उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय स्तर में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि शासकीय प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास इचकेला के अधीक्षिका श्रीमती पंडरी बाई की  क्रिकेट के प्रति जुनून और लगातार प्रयास से  क्रिकेट का कोचिंग 3-4 साल से लगातार दिलाया जा रहा है। जिसका परिणाम अभी अंडर 17 के बच्चों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

कोच संतोष कुमार और  शंकर सोनी की लगातार मेहनत का नतीजा है कि जिले के बच्चे पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किए है। ये सफलता जशपुर के लिए बहुत गौरव की बात। सरगुजा संभाग से आकांक्षा रानी ने सर्वाधिक स्कोर किया एवं बोलिंग में नीतिका, गायत्री और अलका रानी ने बोलिंग में अच्छा प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर  हरिओम द्विवेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग  संजय सिंह , सरपंच पंच और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि 25 वीं स्कूल राज्य अंडर 17 गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट 6-9 नवंबर को कांकेर में हुआ। पूरे छत्तीसगढ़ से इनमें 5 ज़ोन रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में सभी टीमों को हराकर सरगुजा ज़ोन ने गोल्ड मेडल जीता। सरगुजा टीम में लुथरन स्कूल इचकेला के खिलाड़ियों का काफी योगदान रहा, जिसमें आकांक्षा रानी, अमिषा लकड़ा, जिज्ञासा कुजुर, अनन्या सिदार, गायत्री बाई, अभिलाषी बरा, अविना बाई, झूमुर तिर्की, दीपिका भगत, अलका रानी कुजुर और नितिका बाई शामिल थी। अंबिकापुर से अंशिका राज आर्यन और कुनकुरी से 2 खिलाड़ी शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी ईचकेला होस्टल में रहकर 3-4 साल से नियमित अभ्यास कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की चौंपियन टीम बन पाई।

आसमान की ऊँचाइयों में कैरियर बनाने का सपना अब हो रहा है साकार

पी.एम. जवाहर नवोदय विद्यालय के थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन के कैडेट्स जगदलपुर में उड़ान का प्रशिक्षण कर रहे हैं प्राप्त

जशपुरनगर । जिले के युवाओं का आसमान में उड़ान भरने का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों का परिणाम है कि जशपुर के पी.एम.  जवाहर नवोदय विद्यालय को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी क्रम में यहां के एनसीसी कैडेट्स अब जगदलपुर में अगले चरण का उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय के पांच कैडेट्स आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष यहां पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके कोच कमलेश विश्वकर्मा है। इससे पहले जशपुर में पहली बार रायपुर के बाहर बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था। अब दूसरे चरण के लिए जगदलपुर को चयनित किया गया है। आगामी चरण अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में प्रस्तावित हैं। यह सभी आयोजन रायपुर ग्रुप तथा मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किए जा रहे हैं।  

प्रशिक्षण सिंगल इंजन ट्वीन सीटर वायरस एसडब्ल्यू 80 विमान से  विभिन्न उड़ान कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस माइक्रोलाइट विमान में उड़ान भरना कैडेट्स के लिए न केवल हवाई प्रशिक्षण का पहला अवसर है, बल्कि सीमित समय और नियंत्रित वातावरण में उनके निर्णय लेने के कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग का सतत सहयोग मिल रहा है। साथ ही कैडेट्स को एनसीसी के मूलमंत्र एकता और अनुशासन को आत्मसात करते हुए राज्य के भविष्य, विकास और राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री  साय ने जेएनवी के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25  विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी।

मुख्यमंत्री ने विगत दिवस पीएम  जवाहर नवोदय विद्यालय  के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25 मेधावी विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी। इनमें 13 बालिकाएं और 12 बालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री  साय ने एनसीसी दिवस समारोह के दौरान इच्छा व्यक्त की थी कि छत्तीसगढ़ में केवल रायपुर में ही एयर एनसीसी और उड़ान का प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे स्थानों पर भी हवाई पट्टियों की सुविधा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री की इस पहल के सकारात्मक परिणामस्वरूप मार्च माह में जशपुर आगडीह हवाई पट्टी को 3 सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के लिए स्वीकृति प्रदान की गई और एक माइक्रोलाइट विमान को प्रशिक्षण हेतु जशपुर भेजा गया। इस दौरान लगभग 100 कैडेट्स को उड़ान का वास्तविक अनुभव प्रदान किया।

सांसद ने भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया

जशपुरनगर । भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह से मनाया गया। इस अवसर पर रायगढ़ लोकसभा सांसद  राधेश्याम राठिया ने जशपुर जिले के बिरसा मुंडा चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा जी मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत नगर पालिका अध्यक्ष  अरविन्द भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष  यश प्रताप सिंह जुदेव, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष  शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष  गंगा राम,  कृष्णा राय कलेक्टर  रोहित व्यास और अन्य जनप्रतिनिधिगण ने बीरस मुंडा जी की माल्यार्पण करते हुए नमन किया। भगवान बिरसा मुंडा जयंती हर साल 15 नवंबर को मनाई जाती है। भगवान बिरसा मुंडा भारत के महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी, जननायक और सामाजिक सुधारक थे।

किसान गंगाराम इस बार धान बेचकर मिले पैसों से खुद का वाहन खरीदेंगे

जशपुरनगर । मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 नवम्बर से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। जशपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान खरीदी का शुभारंभ गम्हरिया चौक स्थित धान खरीदी केंद्र में सांसद  राधेश्याम राठिया द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर ग्राम झीलिंग के किसान  गंगा यादव ने सर्वप्रथम अपना धान विक्रय किया।

किसान  गंगा यादव ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 150 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था, जिससे प्राप्त लाभ से उन्होंने एक दुकान की शुरुआत कर आर्थिक रूप से प्रगति की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वे वाहन क्रय करने की योजना बना रहे हैं।  यादव ने शासन द्वारा खरीदी केंद्रों में की गई सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र में सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो-एटीएम सुविधा, टोकन ‘तुंहर द्वार’ व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया में आसानी और पारदर्शिता मिल सके।