रायपुर/मुंगेली । छत्तीसगढ़ विधानसभा में मुंगेली जिले की जर्जर और बदहाल सड़कों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी 18 सड़कों की खराब स्थिति का मामला उठाते हुए कहा कि वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों में भारी नाराजगी है।
सदन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विभाग द्वारा सरकार की ओर से दिए गए जवाब में स्वीकार किया गया कि सूचीबद्ध सड़कों में कई सड़कें मरम्मत एवं नवीनीकरण योग्य हैं। इनमें से कुछ सड़कों को वर्ष 2026-27 के बजट में स्वीकृति मिल चुकी है और उनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जबकि अन्य सड़कों का नवीनीकरण बजट उपलब्धता के आधार पर कराया जाएगा। सरकार ने यह भी बताया कि जिन सड़कों का हाल ही में नवीनीकरण हुआ है या जो संधारण अवधि में हैं, उनकी स्थिति संतोषजनक है।
सदन में जारी हुए सरकारी जवाब के अनुसार कई सड़कों का निर्माण वर्ष 2015 से 2020 के बीच हुआ था और उनकी नियमित संधारण अवधि समाप्त हो चुकी है। ऐसे मार्ग अब नवीनीकरण की श्रेणी में हैं। कुछ सड़कों के लिए 2026-27 के मुख्य बजट में राशि स्वीकृत कर दी गई है, जबकि अन्य के लिए बजट उपलब्ध होने पर कार्य कराया जाएगा।
हालांकि सरकार ने विधायक के इस आरोप से असहमति जताई कि इन सड़कों की वजह से व्यापक दुर्घटनाएं हुई हैं या क्षेत्र में भारी जनाक्रोश है। सरकार का कहना है कि विभाग के पास ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन जहां आवश्यक होगा वहां नवीनीकरण एवं मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा।
इस मुद्दे के विधानसभा में उठने के बाद अब मुंगेली जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से जर्जर सड़कों के सुधार की उम्मीद बढ़ गई है। यदि घोषित कार्य समय पर शुरू होते हैं तो हजारों ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

