रायगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और डिजिटल प्रशासन की सोच का असर अब गांव-गांव तक दिखाई देने लगा है। प्रदेश सरकार की जनहितैषी पहल ‘सेवा सेतु पोर्टल’ आज लाखों नागरिकों के लिए भरोसेमंद डिजिटल मंच बन चुका है, जहां शासकीय सेवाएं अब घर बैठे, सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं।
रायगढ़ जिले के पुसौर तहसील अंतर्गत ग्राम भाठनपाली निवासी अजय कुमार प्रधान की कहानी इस बदलाव की जीवंत मिसाल है। वर्षों से स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे अजय को समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। आवश्यक प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण वे कई रोजगार अवसरों से भी वंचित रह गए।
इसी बीच उन्हें सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिली। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका स्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी हो गया। इस एक प्रमाण पत्र ने न केवल उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया, बल्कि रोजगार के नए रास्ते भी खोल दिए।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद अजय कुमार प्रधान ने रोजगार सहायक पद के लिए आवेदन किया। आज वे स्वयं पोर्टल का लाभ लेने के साथ-साथ अपने गांव के लोगों को भी जाति, आय, निवास सहित अन्य शासकीय प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अजय का कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल ने सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर समाप्त कर दिए हैं। अब घर बैठे आवेदन, समय पर सेवा और पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत बन गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार डिजिटल तकनीक के माध्यम से सुशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सेवा सेतु पोर्टल ने प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाते हुए शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु तैयार किया है।

