Chhattisgarh Weather : छत्‍तीसगढ़ में कंपाने वाली ठंड...बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग में सामान्‍य से 5 डिग्री तक पारा गिरा...पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarh Weather : छत्‍तीसगढ़ में कंपाने वाली ठंड...बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग में सामान्‍य से 5 डिग्री तक पारा गिरा...पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarh Cold Wave: उत्‍तर से आ रही हवा ने छत्‍तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश के तीन संभाग में अब कंपा देने वाली ठंड पड़ने लगी है। बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग में सामान्‍य से औसतन 4-5 डिग्री तक रात का पारा गिर गया है। वहीं हाड़ कंपा देने वाली ठंड अंबिकापुर में पड़ रही है। यहां रात का तापमान औसतन 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में रात का पारा 7 डिग्री पर पहुंच गया है। ऐसे में लोग अब अलाव का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग रायपुर के अनुसार बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग में रात का पारा सामान्य से कम रहा। रायपुर और बस्तर संभाग में जरूर रात का पारा सामान्य रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी कि 3 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में कोई बदलाव होने के आसार नहीं है।

सरगुजा संभाग में कंपा देने वाली ठंड

छत्‍तीसगढ़ में ठंड की शुरुआत सरगुजा संभाग से हुई है। इस संभाग में पिछले एक सप्‍ताह से ठंडी का दौर जारी है। अब यहां ठंड कंपा देने वाली है। हालत यह है कि अंबिकापुर में दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड नवंबर के आखिरी पखवाड़े में ही पड़ रही है। अंबिकापुर में औसतन 8 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्र में 7 डिग्री के करीब तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सामन्‍य से पांच डिग्री कम रहा दुर्ग में तापमान

प्रदेश के दुर्ग जिले में रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। जहां शनिवार 23 नवंबर को दुर्ग में रात का तापमान 12.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से लगभग 5 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। सरगुजा के बाद दुर्ग सबसे ज्‍यादा ठंडा है।

रायपुर में अब दिन में भी पड़ने लगी ठंड

प्रदेश की राजधानी में अब रात के समय में ठंडी का असर तेज हो गया है। यहां रात का पारा 15 डिग्री के आसपास है। वहीं अब दनि के समय में भी ठंड पड़ने लगी है। यहां दिन का पारा भी सामान्‍य से कम है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों के बाद ठंड में बढ़ोतरी होगी।

ड्राइव हवा के कारण बढ़ी ठंड

प्रदेश में ड्राई हवा के चलते ठंडी का असर बढ़ने लगा है। हालांकि मौसम विभाग ने आज 24 नवंबर को रायपुर में हल्के बादल रहने की संभावना जताई है। इस बीच दिन का पारा 29 डिग्री और रात का पारा 15 डिग्री तक रहने की संभावना है।